Monday, September 26, 2022

Grand launch of 'Jalsa Dandiya Utsav 2K22' at Rama University

'Jalsa Dandiya Utsav-2k22' started with pomp at Rama University on 26 September-2022 at 10 am. The program, organized in the auditorium of the university, started with the lighting of the lamp in front of the statue of Maa Saraswati and the founder of the university, late Dr. BS Kushwaha. Thereafter, Director of the University Dr. Prateek Singh Kushwaha, Deputy Registrar, Dr. Sandeep Shukla, Dean Academic Affairs, Prof. Hariom Sharan, Dr. PK Singh, Vice Principal, Rama Medical College, Dr. Brijendra Nigam, Principal, Paramedical Sciences, Dr. Omvir Singh, Principal, Rama Ayurvedic Medical College and Deans of various faculties were honored with mementos and bouquets. All the dignitaries congratulated the students and all the members of the university family for 'Jalsa Dandiya Utsav-2k22'.
On this occasion Prof. Vaishali Dhingra, Dean, FCM, Prof. Manish Dhingra, Dean, Research & Development, Dr. Jasmine Manu, Dean, Nursing, Dr. Ravikant Gupta, Dean, FJS, Dr. Anita Yadav, Dean, Agriculture and Allied Industries, Dr. Kamran Naqvi, Dean, Pharmaceutical Sciences, Sanjay Kumar, Marketing Head, Sachin Chaudhary, Sr. Brand Manager, Dr. Rahul Srivastava, HOD, Rama Dental College, Dr. Aditya Mishra, HOD, Journalism and Mass Communication, Samir Mishra, DSW, including Heads of various departments, faculty members, non-academic officers-employees and a large number of students were present.
After the inaugural session, a fandom quiz, decoration competition, photography and graffiti art competition were organized. A large number of students from different faculties of the university participated in these competitions.

रामा विश्वविद्यालय में दिनांक 26 सितंबर-2022 को सुबह 10 बजे से 'जलसा डांडिया उत्सव-2k22' की शुरुआत धूमधाम से हुई। विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम में आयोजित इस कार्यक्रम की शुरुआत सबसे पहले मां सरस्वती एवं विश्वविद्यालय के संस्थापक स्वर्गीय डॉ. बी एस कुशवाह की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुई। तत्पश्चात विश्वविद्यालय के निदेशक डॉ. प्रतीक सिंह कुशवाह, डिपुटी रजिस्ट्रार, डॉ. संदीप शुक्ला, डीन अकादमिक अफेयर्स, प्रो हरिओम शरण, डॉ. पी के सिंह, वाइस प्रिंसिपल, रामा मेडिकल कॉलेज, डॉ बृजेंद्र निगम, प्रिंसिपल, पैरामेडिकल साइंसेस, डॉ. ओमवीर सिंह, प्रिंसिपल, रामा आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज समेत विभिन्न संकायों के डीन को समृति चिन्ह एवं पुष्प गुच्छ देकर सम्मानित किया गया। सभी गणमान्य अतिथियों ने विद्यार्थियों एवं विश्वविद्यालय परिवार के सभी सदस्यों को 'जलसा डांडिया उत्सव-2k22' के लिए बधाई दी। 
इस अवसर पर प्रो वैशाली धींगरा, डीन, एफसीएम, प्रो मनीष धींगरा, डीन, रिसर्च एंड डेवलपमेंट, डॉ. जैस्मीन मनु, डीन, नर्सिंग, डॉ रविकांत गुप्ता, डीन, एफजेस, डॉ. अनीता यादव, डीन, एग्रीकल्चर एंड अलॉयड इंडस्ट्रीज, डॉ. कामरान नकवी, डीन, फार्मास्यूटिकल साईंसेज, संजय कुमार, मार्केटिंग हेड, सचिन चौधरी, सिनियर ब्रांड मैनेजर, डॉ. राहुल श्रीवास्तव, विभागाध्यक्ष, रामा डेंटल कॉलेज, डॉ. आदित्य मिश्रा, विभागाध्यक्ष, पत्रकारिता एवं जनसंचार, समीर मिश्रा-डीएसडब्ल्यू, समेत विभिन्न विभागों के अध्यक्ष, फैकल्टी मेंबर्स, गैर-शैक्षणिक अधिकारी- कर्मचारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।।            उद्घाटन सत्र के उपरांत fandom quiz, Decoration competition, Photography और ग्रैफिटी आर्ट कम्पटीशन का आयोजन हुआ। इन प्रतियोगिताओं में बड़ी संख्या में विश्वविद्यालय से विभिन्न संकायों के विद्यार्थियों ने भाग लिया। 







Saturday, April 10, 2021

जिला गंगा समिति, मोतिहारी में प्रो. पवनेश कुमार समेत तीन प्रतिनिधि नामित

जिला गंगा समिति के गठन हेतु पूर्वी चम्पारण, मोतिहारी की तरफ से महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय के प्रबंधन विज्ञान एवं वाणिज्य संकाय के अध्यक्ष प्रो. पवनेश कुमार,  मोतिहारी चैम्बर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष सुधीर कुमार अग्रवाल और नगर निगम मोतिहारी की मुख्य पार्षद अंजू देवी को पूर्वी चम्पारण, मोतिहारी के जिलाधिकारी शीर्षक कपिल अशोक की तरफ से नामित किया गया है। प्रो. पवनेश को बतौर पर्यावरणविद् विशेषज्ञ, श्री सुधीर को बतौर स्थानीय उद्योगपति एवं श्रीमती अंजू को बतौर राज्य प्रदूषण बोर्ड की प्रतिनिधि नामित किया गया है। इस आशय का पत्र जिलाधिकारी श्री शीर्षक कपिल अशोक ने संयुक्त सचिव, नगर विकास एवं आवास-विकास, सह नोडल पदाधिकारी, राज्य परियोजना प्रबंधन समूह, बिहार, पटना को प्रेषित किया है। तीनों ही सम्मानित सदस्यों ने जिला गंगा समिति में नामित होने पर प्रसन्नता व्यक्त की है। वहीं प्रो. पवनेश ने जिलाधिकारी द्वारा उनपर विश्वास जताने पर आभार जताया और अपने दायित्वों के निर्वहन करने की बात कही। इस अवसर पर केविवि के शिक्षकों विद्यार्थियों एवं मोतिहारी के गणमान्य नागरिकों ने भी नगर के तीन जाने-माने बुद्धिजीवियों के जिला गंगा समिति में नामित होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बधाई दी है।  

Sunday, March 21, 2021

डॉ. सौरभ मालवीय की पुस्तक ‘भारत बोध’ का हुआ लोकार्पण

सिद्धार्थनगर 20 मार्च। माधव संस्कृति न्यास, नई दिल्ली और सिद्धार्थ विवि. सिद्धार्थनगर द्वारा आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी के उद्घाटन सत्र में डॉ. सौरभ मालवीय की लिखित पुस्तक भारत बोध समेत आठ पुस्तकों का लोकार्पण हुआ। 

‘भारतीय इतिहास लेखन परंपरा : नवीन परिप्रेक्ष्य’ विषय पर अपनी बात रखते हुये मुख्य अतिथि बेसिक शिक्षा मंत्री डॉ. सतीश चंद्र द्विवेदी ने कहा कि आजादी के बाद इतिहास संकलन का कार्य हो रहा है। देश को परम वैभव के शिखर पर ले जाने में युवा इतिहासकारों का संकलन कारगर साबित होगा। कार्यक्रम शुभारंभ के दौरान माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, नोएडा परिसर में सहायक प्राध्यापक डॉ. सौरभ मालवीय की लिखित पुस्तक भारत बोध समेत आठ अलग-अलग लेखकों की पुस्तकों का मंत्री व कुलपति द्वारा लोकार्पण किया गया। 

डॉ. द्विवेदी ने कहा कि भारत को पिछड़े और सपेरों का देश कहा गया है, इस विसंगती को दूर करने का कार्य जारी है। भारत के स्वर्णिम इतिहास का संकलन हो रहा है। 

महात्मा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय (वर्धा, महाराष्ट्र) के कुलपति प्रो. रजनीश कुमार शुक्ल ने कहा कि युवा इतिहासकार भारत का इतिहास लिख सकते हैं। भारत का इतिहास उत्तान पाद, राम कृष्ण, समुद्र गुप्त, चंद्रशेखर आजाद, भगत सिंह, राम- कृष्ण जैसे अनेक महापुरुषों से है। इतिहास वेद, ज्ञान, यश, कृति, पुरूषार्थ और संघर्ष का होता है। इतिहास में सच्चाई दिखने वाला होता है। आजादी के पहले कारवां चलता गया, हिंदोस्तां बढ़ता गया के आधार पर इतिहास लिखा गया। गोरी चमड़ी वाले अंग्रेज भारत कमाने आए और यहीं रह गये। बाद में हमारा इतिहास लिख दिया। वास्कोडिगामा जान अपसटल को चिट्ठी देने के लिए खोज में निकला था, जिसे लोग भारत की खोज करता बताते हैं। इसी इतिहास को युवा इतिहासकार बदलेंगे। 

अखिल भारतीय इतिहास संकलन योजना के संगठन सचिव डॉ. बालमुकुंद पांडेय ने कहा कि अभी तक जिस इतिहास को भारत वर्ष में हम पढ़ते और पढ़ाते हैं वह दासता के प्रतिरूप का इतिहास है, जबकि भारत का सही इतिहास कभी उसके वास्तविक स्वरूप में प्रस्तुत नहीं किया गया था। भारत के गौरवशाली परम्पराएँ और लोक मान्यता को हमें जानने और लिपिवध करने की जरूरत है। भारत के स्वर्णिम इतिहास को भारत की दृष्टि से देखना होगा। 

नालंदा विश्वविद्यालय (बिहार) के कुलपति प्रो. वैद्यनाथ लाभ ने कहा कि डार्विन की थ्यौरी में बंदर से मनुष्य बनने की कल्पना बताया गया है, जबकि ब्रह्मा से मनुष्य की रचना हुई है। भगवान हमारे इष्ट हैं। ब्रिटिश इंडिया कंपनी ने हमे विकृति मानसिकता का बना दिया। हम दिन ब दिन अंग्रेजों की बेडियों में जकड़े गये। हमें सांस्कृतिक परंपरा का बोध नहीं था। स्वतंत्रता के पश्चात हम सांस्कृतिक पुर्नउत्थान के लिए खड़े हुए हैं। अंग्रेजों ने किताबों में ऐसी बातें लिखी कि हम हीन भावना से ग्रसित हुए। हमने ग्रंथ, वेद, रामायण, पुराण पढ़ना छोड़ दिया, लेकिन हमे सारस्वत सरस्वती का बोध यहीं हुआ है। सब सास्वत है। 

अध्यक्षता करते हुए कुलपति प्रो. सुरेंद्र दूबे ने कहा कि भारत का इतिहास केवल राजा रजवाड़ों और उनके ऐसे आराम का इतिहास नहीं है, बल्कि भारत का इतिहास लोक का इतिहास है। हम इसका सहज अनुभव राम राज्य से कर सकते हैं।


 कार्यक्रम का संचालन आईसीएचआर नई दिल्ली के डॉ. ओम उपाध्याय व आभार डॉ. सच्चिदानंद चौबे ने किया। इस कार्यक्रम में आशा दूबे, डॉ. सौरभ मालवीय, सौरभ मिश्रा, डॉ. रत्नेश त्रिपाठी, डॉ हर्षवर्धन एवं आनंद समेत 19 प्रांतों के विषय विशेषज्ञ व इतिहासरकार मौजूद रहे।

Sunday, August 16, 2020

पूर्व छात्र संघ, जेएनयू और केविवि-मोतिहारी, हिमाचल प्रदेश केविवि, हिंदी विवि, वर्धा, उड़ीसा केविवि व केविवि गुजरात के संयुक्त तत्वावधान में वेबिनार का आयोजन

भारतीय ज्ञान के आगे खड़ी ब्रिटिश शिक्षा नीति की दीवारों को गिराएगी नई शिक्षा नीति-प्रो. केसी अग्निहोत्री

प्रो. रजनीश कुमार शुक्ल, प्रो. कुलदीप चन्द्र अग्निहोत्री, प्रो. संजीव कुमार शर्मा समेत अन्य कुलपति, रजिस्ट्रार व जाने-माने शिक्षाविदों ने रखे विचार


(15 अगस्त, 2020)


भारत में 185 साल से जो शिक्षा नीति चली आ रही थी, उसमें उद्देश्य था कि भारतीयों को मानसिक रुप से गुलाम बनाना है। पुराने नीति निर्माताओं पर कटाक्ष करते हुए कहा कि वे अपने उद्देश्य में एकदम सफल रहे। मैं हैरान हूं कि उन्होंने एक भी कॉमा या फुल स्टॉप की गड़बड़ी नहीं की। अब तक जो व्यवस्था चलाते रहे वे मानते हैं कि हिंदुस्तान का ज्ञान-विज्ञान किसी काम का ही नहीं है, सब यूरोप का है। नई शिक्षा नीति के बारे में कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति यह मानकर चलती है कि हिंदुस्तान में इतनी ऊर्जा, मेधा और अवसर हैं कि इनका ठीक प्रकार से सदुपयोग कर लिया जाए तो भारत बहुत आगे जा सकता है। हमारा जितना सदियों का ज्ञान है उसके आगे ब्रिटिश शिक्षा नीति ने दीवारें खड़ी की हैं, उन दीवारों को नई शिक्षा नीति हटाएगी। ये बातें हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. कुलदीप चंद्र अग्निहोत्री ने पूर्व छात्र संघ, जवाहरलाल नेहरु विश्वविद्यालय, नई दिल्ली और केविवि-मोतिहारी, हिमाचल प्रदेश केविवि, हिंदी विवि, वर्धा, उड़ीसा केविवि व केविवि गुजरात के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित वेबिनार में कही।


“आत्म निर्भर भारत के लिए नई शिक्षा नीति-2020 के आलोक में ज्ञानयुक्त समाज का निर्माण” विषय पर आयोजित इस वेबिनार की शुरुआत राष्ट्रीय गीत और सरस्वती वंदना के साथ हुई। कार्यक्रम के संयोजक डॉ. महीप ने स्वागत भाषण दिया। इसके बाद कार्यक्रम के सचिव व पूर्व छात्र संघ, जेएनयू के महासचिव डॉ. धीरज कुमार सिंह ने अपना वक्तव्य दिया। इसके पश्चात पूर्व छात्र संघ, जेएनयू के अध्यक्ष राजेश कुमार ने सभी विद्वानों एवं विषय का परिचय देते हुए अपनी बात रखी। जवाहरलाल नेहरु विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. प्रमोद कुमार ने उद्घाटन वक्तव्य दिया। प्रारुप नई शिक्षा नीति, समिति के सदस्य प्रो. एम.के. श्रीधर ने बीज वक्तव्य दिया।


महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति ने प्रो. संजीव कुमार शर्मा ने नई शिक्षा नीति के बारे में अपने संबोधन में कहा कि इसका प्रारुप पहले ही आ गया था और जुलाई-2020 में भी विवि में इस विषय पर कार्यक्रम हुआ था। आज जो लोग इससे जुड़े हैं उनमें से कुछ लोग पहले भी कार्यक्रम से जुड़े थे। जो नई शिक्षा नीति आई है आज यह सही मायने में भारतीय है। यह भारतीय भाषाओं के सम्मान को बढ़ाती है। भारतीय भाषाओं में पाठ्य पुस्तकों का निर्माण करना, उपलब्ध सामग्री का अनुवाद कराना, विद्यार्थियों तक पहुंचाना आदि योजनाएं केवल सरकार की नहीं है बल्कि शैक्षणिक जगत के जुड़े हम सभी लोगों का भी काम है। कार्ययोजना हमें बनानी होगी। नई शिक्षा नीति के खिलाफ भ्रांतियों का सामना करने के लिए प्रो. शर्मा ने जनसम्पर्क, जनसंचार और जनसंवाद को जरुरी बताया।


महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय, वर्धा के कुलपति प्रो. रजनीश कुमार शुक्ल ने अपने संवोधन में पूर्व वक्ता कुलपति प्रो. शर्मा की बातों से सहमति जताते हुए कहा कि यह भारतीय शिक्षा नीति है और राष्ट्रीय शिक्षा नीति है। सच्चाई यह है कि यह 185 वर्षों बाद आई शिक्षा नीति है। यह 34 वर्षों बाद आई शिक्षा नीति है, इस रुप में इसे समझने आवश्यकता नहीं है। 1835 में जो शिक्षा नीति आई थी, उस शिक्षा नीति का 1992 में एक्सटेंशन मात्र हुआ है। 1968 में कोठारी ने जरुर कोशिश की थी कि गाड़ी को पटरी पर लाया जाए। लेकिन उनकी बातें केवल सुभाषित होकर रह गयीं। अब पहली बार ऐसी शिक्षा नीति आई है जिसमें सभी भारतीय भाषाओं के लिए समान अवसर प्राप्त होता है और वास्तविक संदर्भों में भारत की बहुभाषिकता को ताकत के रुप में मानते हुए प्रत्येक शिक्षित व्यक्ति बहुभाषिक हो, यह इसकी दिशा में प्रस्ताव प्रस्तुत करता है। पहली बार भारत केंद्रित शिक्षा प्रणाली है।


केंद्रीय विश्वविद्यालय, उड़ीसा के कुलपति प्रो. आई. ब्रम्ह्मम ने नई शिक्षा नीति की प्रशंसा करते हुए इसे भारत की आवश्यकता के अनुरुप बताया। वहीं कार्यक्रम के मुख्य अतिथि व जाने-माने शिक्षाविद श्रीनिवासजी ने अपने संबोधन में कहा कि स्वतंत्रता दिवस के दिन जेएनयू के पूर्व छात्रों ने इस जरुरी विषय को चुना है, इसका बहुत महत्व है। नई शिक्षा नीति के माध्यम से हम लोग 185 वर्षों बाद अपनी जड़ों की ओर लौट रहे हैं। भारत में शिक्षा, मनुष्य को मनुष्य बनाने पर बल देता है, जिसे विवेकानंद जी ने मनुष्य के आंतरिक शक्तियों को जागृत करने की बात कही है। यह 

आवश्यक है कि भारत के युवा भारत को तो समझें, तभी हम विश्व में अपना स्थान बनाएंगे।

 

अध्यक्षीय संबोधन में केंद्रीय विश्वविद्यालय गुजरात के कुलपति प्रो. रमा शंकर दूबे ने पूर्व छात्र संघ, जेएनयू को इस महत्वपूर्ण विषय पर जाने-माने विद्वानों को आमंत्रित कर विमर्श कराने के लिए धन्यवाद दिया। अपने पूर्व वक्ताओं की बातों को क्रम से रखते हुए उन्होंने सहमति जताते हुए नई शिक्षा में निहित प्रमुख बिंदुओं की चर्चा की। भारत को चाणक्य, आर्यभट्ट, सर्वपल्ली डॉ. राधाकृष्णन और महामना मदन मोहन मालवीय का देश बताते हुए अपनी भारतीयता, ज्ञान-विज्ञान पर गर्व करने की बात कही।

महात्मा गांधी केन्द्रीय विवि के प्रबंधन विज्ञान विभाग के अध्यक्ष प्रो. पवनेश कुमार ने कार्यक्रम के निष्कर्ष को बताते हुए कहा आज बौद्धिक जनों ने जो मंथन किया वह भारत के कल का निर्माण होगा और इससे जो अमृत निकलेगा, उससे हम सभी लाभान्वित होंगे। कार्यक्रम का संचालन केन्द्रीय विवि, गुजरात के डॉ. अतानु महापात्रा ने किया। इस अवसर पर केविवि की डॉ. सपना सुगंधा, डॉ. दिनेश व्यास, डॉ. स्वाति कुमारी, कमलेश कुमार समेत देश के कई विश्वविद्यालयों के शिक्षक, शोधार्थी, विद्यार्थी व शिक्षाविद उपस्थित रहे।

केविवि में उच्च शिक्षा का संचालन, पुनर्गठन तथा क्रियान्वयन की रुपरेखा पर हुई चर्चा

 *राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 की कार्ययोजना विषय पर ई-कार्यशाला*

*कुलपति प्रो. संजीव कुमार शर्मा ने की अध्यक्षता, प्रो. मनोज दीक्षित, प्रो. स्मृति कुमार सरकार, प्रो.एडीएन वाजपेयी आदि वक्ताओं ने रखे विचार*

(6 अगस्त, 2020)

महात्मा गांधी केन्द्रीय विश्वविद्यालय, मोतिहारी में राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 की कार्ययोजना के क्रियान्वयन की रुपरेखा, संचालन तथा उच्च शिक्षा के पुनर्गठन से संबंधित विचार-विमर्श हेतु एक दिवसीय आभासी ई-कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. संजीव कुमार शर्मा ने की। कार्यक्रम के शुरुआत में कुलपति प्रो. शर्मा ने उन सभी वक्ताओं का अभिनंदन किया जिन्होंने अल्पावधि सूचना के बावजूद इस महत्वपूर्ण ई-कार्यशाला हेतु अपने व्यस्ततम समय में से कुछ अवकाश निकाला। इसके पश्चात शिक्षा अध्ययन संकाय के अध्यक्ष एवं कार्यक्रम के सभापति, प्रो. आशीष श्रीवास्तव ने सभी वक्ताओं का परिचय दिया। विश्वविद्यालय के प्रति कुलपति प्रो. जी.गोपाल रेड्डी ने औपचारिक रुप से सभी वक्ताओं का स्वागत किया गया। सभापति प्रो. श्रीवास्तव ने ई-कार्यशाला के विषय का परिचय देते हुए सत्रारंभ किया।

डॉ.आरएमएल विवि,अयोध्या के पूर्व कुलपति प्रो. मनोज दीक्षित ने अपने संबोधन में कहा कि ब्रिटिश औपनिवेशिक शासन के विरासत से प्राप्त पुरातन एवं कठोर शिक्षा व्यवस्था से दूर हटते हुए अधिक लचीला तथा सभी को एक साथ लाने वाली पश्चिमी व्यवस्था को अपनाने की आवश्यकता है। वर्धमान विवि, पश्चिम बंगाल के पूर्व कुलपति प्रो. स्मृति कुमार सरकार ने अपने संबोधन में कहा कि कार्यान्वयन में जल्दबाजी किए बिना धैर्य का परिचय दें। नई शिक्षा नीति के पूर्ण कार्यान्वयन से पहले इसको समझने हेतु पर्याप्त समय एवं दृष्टिकोण की आवश्यकता होगी एवं इसका व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाना आवश्यक होगा। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय, शिमला के पूर्व कुलपति प्रो. एडीएन वाजपेयी ने अपने संबोधन में कहा कि प्रतिष्ठित तथा नव स्थापित विश्वविद्यालय में विलय के लिए नीतिगत रुपरेखा का निर्माण होना चाहिए। यह स्थापित विश्वविद्यालय के समय परिक्षणित मूल्य प्रणाली के माध्यम से नव स्थापित संस्थानों के अपेक्षित परामर्श को सुनिश्चित करेगा। यूपी स्टेट काउंसिल ऑफ हायर एडूकेशन के अध्यक्ष एवं बीएचयू, वाराणसी के पूर्व कुलपति, प्रो. गिरीष चंद्र त्रिपाठी ने अपने संबोधन में कहा कि नई शिक्षा नीति लागू करने से पहले इसका गहन अध्ययन एवं समझ को विकसित करना होगा। एनईपी को लागू करने की बात तभी की जानी चाहिए जब इसके सभी प्रावधानों को समझा गया हो एवं सभी हितधारकों को इसके बारे में समझाया गया हो।

गोविंद गुरु जनजातीय विश्वविद्यालय, बंसवार राजस्थान के पूर्व कुलपति प्रो, कैलाश सोडाणी ने अपने संबोधन में कहा कि संघ लोक सेवा आयोग की तरह अध्यापकों का चयन करना होगा जिससे कि प्रक्रियाओं में अंतर्निहित कमियों से बचा जा सके। इंदिरा गांधी मुक्त विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो.नागेश्वर राव ने अपने संबोधन में कहा कि एनईपी के नीतियों को प्रभावी ढंग से लागू करने हेतु विश्वविद्यालयों को समयबद्ध तरीके से अपने संविधि, अध्यादेशों में परिवर्तन करना होगा। दक्षिण भारत हिंदी प्रचार सभा, चेन्नई के पूर्व कुलपति प्रो. राम मोहन पाठक ने अपने संबोधन में कहा कि नई शिक्षा नीति के सभी नीतियों को समझाने हेतु सभी राज्य सरकारों से संपर्क स्थापित किया जाना चाहिए। इससे सर्वश्रेष्ठ परिणामों को प्राप्त किया जा सकेगा। अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय, बिलासपुर के कुलपति प्रो. जी.डी.शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि दोहराव से बचने हेतु राष्ट्रीय स्तर पर संविधि, अध्यादेशों की निर्माण किया जाना चाहिए।

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. संजीव कुमार शर्मा ने समापन सत्र की अध्यक्षता की। विश्वविद्यालय के आईक्यूएसी प्रकोष्ठ के समन्वयक, प्रो. आनन्द प्रकाश ने औपचारिक धन्यवाद ज्ञापन किया।

शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में उम्मीद जगाती नई शिक्षा नीति-2020


                

(प्रो.पवनेश कुमार, म.गां.के.विवि, मोतिहारी)

नई शिक्षा नीति की चर्चा इन दिनों जोरों पर है। चीन से सीमा विवाद, विश्व-व्यापी कोरोना संकट और सरकार द्वारा घोषित आत्म निर्भर भारत योजना पर तमाम कॉलेजों- विश्वविद्यालयों और बौद्धिक संस्थाओं द्वारा पिछले कुछ समय से लगातार वेबिनार आयोजित हुए और ये सिलसिला अभी भी चल ही रहा है। इस बीच नई शिक्षा नीति के आ जाने से बौद्धिक वर्ग को विमर्श का एक नया विषय भी मिल गया है। इस विषय पर विचार-विमर्श इसलिए भी आवश्यक है क्योंकि इससे देश के बच्चों और युवाओं का भविष्य तय होने वाला है।


नई शिक्षा नीति के सार्वजनिक होते ही मानव संसाधन विकास मंत्रालय का नाम बदल दिया गया है। अब इसे शिक्षा मंत्रालय के नाम से जाना जाएगा। 1986 के बाद 34 साल के अंतराल पर देश की शिक्षा नीति में यह बदलाव किया जा रहा है जिसे नई शिक्षा नीति-2020 के नाम से जाना जा रहा है। देश में पढ़े-लिखे युवाओं की संख्या बहुत बड़ी है किंतु इनमें से डिग्रीधारी युवा ही अधिक हैं और रोजगार का तकनीकि कौशल बहुत कम युवाओं के पास है। ऐसी शिकायतें भारत में कार्यरत कम्पनियों की तरफ से भी समय-समय पर आती रहती है। आगे से ऐसी शिकायतें कम हो जाने की उम्मीद है क्योंकि अब छठी कक्षा से ही बच्चों को प्रोफेशनल और स्किल शिक्षा दिये जाने की बात नयी शिक्षा नीति में शामिल है। भारत की जीडीपी का 6% भाग शिक्षा के लिए खर्च करने का लक्ष्य रखा गया है।

अभी हिंदुस्तान में स्कूली शिक्षा 10+2 के ढांचे में चल रही है जिसे बदलकर 5+3+3+4 के फॉर्मेट में किया गया है। बच्चों के स्कूली शिक्षा के 15 वर्षों को 4 भागों में विभाजित किया गया है। पहले 5 साल में प्री-स्कूलिंग या आंगनवाड़ी के 3 साल और  कक्षा 2 तक की पढ़ाई होगी। अगले 3 वर्षों में तीसरी कक्षा से 5वीं कक्षा तक की पढ़ाई। उसके बाद 3 साल छठी से लेकर 8वीं तक की पढ़ाई  और अगले 4 साल 9वीं से 12वीं तक की पढ़ाई। शिक्षा तंत्र द्वारा 3 से 6 साल की उम्र के बच्चों के लिए अलग पाठ्यक्रम बनाएगी जिसमें खेलकूद एवं अन्य गतिविधियों को ज्यादा स्थान मिलेगा। कज्ञा 1 से कक्षा 3 तक के बच्चों की बुनियादी शिक्षा पर ज्यादा ध्यान दिया जाएगा। 9 साल तक के बच्चों की साक्षरता और संख्या ज्ञान पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। बच्चों को कक्षा 6 से विषयों से परिचय करवाया जाएगा। 9वीं के बाद साईंस, आर्ट और कॉमर्स स्ट्रीम की पढ़ाई अब नहीं होगी, विद्यार्थी अपनी मर्जी से विषय चुन सकेंगे। नई शिक्षा नीति में एक नई चीज देखने को मिलेगी ये है व्यावसायिक शिक्षा। नई शिक्षा नीति के तहत कक्षा 6 से ही बच्चों की व्यावसायिक शिक्षा प्रारंभ कर दी जाएगी। जिसमें स्थानीय शिल्प और व्यापार के बारे में बताया जाएगा और उसे लोकल क्राफ्ट और ट्रेड में इंटर्नशिप का भी अवसर दिया जाएगा।


बच्चों में बोर्ड की परीक्षाओं का दबाव कम करने का उपाय नई शिक्षा नीति में शामिल है। साल में दो बार परीक्षाएं होंगी। अब रटकर समझने की बजाय समझने पर ज्यादा ज़ोर दिया जाएगा। बोर्ड परीक्षाओं को दो भागों में बांटा गया है जिसमें ऑब्जेक्टिव और डिस्क्रिप्टिव दो तरह की परीक्षाओं का प्रावधान किया गया है। अंग्रेजी का हौव्वा कम करने के उद्देश्य से नई शिक्षा नीति में मातृभाषा या क्षेत्रीय भाषा में सीखने पर ज्यादा ज़ोर दिया गया है। इसके लिए कहा गया है कि जहां तक संभव हो 5वीं कक्षा तक के विद्यार्थियों को मातृभाषा या क्षेत्रीय भाषा में ही पढ़ाया जाए। अगर संभव हो तो 8वीं कक्षा तक यही प्रक्रिया अपनाई जाए। इस संबंध में केंद्रीय शिक्षा मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक का कहना है कि लोगों की मातृभाषाएं या क्षेत्रीय भाषाएं तभी जिंदा रहेंगी जब वहां का क्षेत्रीय व्यक्ति उसे पढ़ेगा, बोलेगा और सीखेगा। वहीं इस नई नीति की आलोचना भी हो रही है। सरकार के लगभग हर कदम में मीन-मेख निकालने वाली कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता खुशबू सुंदर ने भी नई शिक्षा नीति का स्वागत किया है। इतना ही नहीं अपनी पार्टी की कार्य संस्कृति को देखते हुए उन्होंने पार्टी से अलग राय रखने पर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी से माफी भी मांग ली है। जबकि दिल्ली सरकार के शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया का कहना है कि यह पॉलिसी सरकारी स्कूलों में सुधार लाने की अपनी जिम्मेदारी से भागने जैसी है। इसमें सरकारी स्कूल को सुधारने की बजाय प्राइवेट स्कूलों को बढ़ावा देती नज़र आ रही है।


वहीं उच्च शिक्षा में सबसे बड़ा परिवर्तन ये है कि अगर किसी वजह से पढ़ाई बीच में छूट गयी तो साल बर्बाद नहीं होंगे। किसी विद्यार्थी ने बैचलर कोर्स अगर एक साल पूरा करने के बाद किन्हीं कारणों छोड़ दिया तो उसे सर्टिफिकेट मिलेगा। 2 साल पूरा करने के बाद छूट गया तो डिप्लोमा मिल जाएगा और तीन साल सफलता पूर्वक पूरा कर लेने पर बैचलर डिग्री दी जाएगी। जिन्हें नौकरी करनी है उनके लिए 3 साल की ही डिग्री दी जाएगी जबकि शोध के क्षेत्र में जाने वाले विद्यार्थी को 4 साल की डिग्री प्रोग्राम करनी पड़ेगी। इन 4 सालों के बाद मात्र एक वर्ष का एम.ए. और फिर सीधे पीएचडी में दाखिला ले सकते हैं। तकनीकि संस्थानों में भी अब कला एवं मानविकी के विषय पढ़ाए जाएंगे। प्रवेश के लिए एक कॉमन प्रवेश परीक्षा होगी। नई शिक्षा नीति में किताबी ज्ञान की बजाय इसके व्यावहारिक पक्ष पर ज़ोर दिया जाएगा। उच्च शिक्षा में मुख्य फोकस शोध और नवाचार पर रखा गया है इसके लिए एक नेशनल रिसर्च फाउंडेशन बनाए जाने की बात कही गयी है। दुनिया के बड़े विश्वविद्यालय भारत में अब अपना कैम्पस खोल सकेंगे।


नई शिक्षा नीति के तहत वर्ष 2022 तक सभी विद्यालयों में निर्धारित मानकों के आधार पर आवश्यक सुविधाए व सीखने का वातावरण बनाने का काम पूरा कर लिया जाएगा। जिसमें सभी स्कूलों में बिजली की सुविधा, कम्प्यूटर और इंटरनेट, अलग काबिलियत रखने वाले विद्यार्थियों की सहायता के लिए मूलभूत व्यवस्थाएं और सामग्री शामिल की जाएगी। स्कूलों में मूलभूत सुविधाओं को देने के अलावा यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि शिक्षक अपना पूरा समय शिक्षण कार्य को करने और उसमें निपूणता लाने में बिता सकें। चुनाव ड्यूटी और कुछ आवश्यक सर्वे के अलावा किसी अन्य गैर शिक्षण गतिविधि जैसे मिड डे मील बनाना, टीकाकरण अभियान, स्कूल में सामग्री की खरीददारी या कोई अन्य समय लेने वाला प्रशासनिक कार्य न करना पड़े। गैर शिक्षण कार्य के लिए स्टाफ नियुक्त किया जाएगा। 

उत्कृष्ट विद्यार्थियों को शिक्षण पेशे में प्रवेश करने को प्रोत्साहित करने के लिए मेरिट आधारित छात्रवृत्ति उपलब्ध कराई जाएगी जिससे वे देश भर के महाविद्यालयों में एक बेहतरीन 4 वर्षीय एकीकृत बी.एड कार्यक्रम में पढ़ सकेंगे। इस तरह की छात्रवृत्ति के निधिकरण और स्थापना के लिए सरकार, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों और परोपकारी संगठनों में सहभागिता की जाएगी। यह छात्रवृत्तियां मुख्य रुप से सुविधा से वंचित विद्यार्थियों के लिए होंगी। शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया को सख्त और पारदर्शी बनाया जाएगा। इससे समाज में शिक्षकों के पेशे के प्रति भरोसा और सम्मान पैदा होगा जिससे शिक्षकों में आत्मविश्वास आएगा।

Monday, August 3, 2020

गीता पढ़ना, सुनना और मनन करना सौभाग्य की बात- प्रभु नारायण


केविवि में वर्तमान परिदृश्य में गीता की प्रासंगिकताविषय पर वेबिनार 



 
कुलपति प्रो. संजीव कुमार शर्मा रहे संरक्षक, प्रो. पवनेश कुमार ने की अध्यक्षता

 

महात्मा गांधी केन्द्रीय विश्वविद्याल के प्रबंधन विज्ञान विभाग के तत्वावधान में शनिवार को ई-विद्या व्याख्यान श्रृंखला के तहत वर्तमान परिदृश्य में गीता की प्रासंगिकताविषय पर एक विशेष वेबिनार का आयोजन किया गया। महामना मालवीय मिशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष, आरएसएस, अवध प्रांत के संचालक व वेबिनार के मुख्य वक्ता प्रभु नारायणजी ने अपने संबोधन की शुरुआत वेदव्यास द्वारा महाभारत में गीता का वर्णन करने के उपरांत कहे गये श्लोक गीता सुगीता कर्तव्या किमन्यैः शास्त्रविस्तरैः। या स्वयं पद्यनाभस्य मुखपद्याद्विनिः सृताः।। से किया। इसका अर्थ स्पष्ट करते हुए उन्होंने कहा कि गीता सुगीता करने योग्य है अर्थात श्री गीता जी को भली प्रकार पढ़कर अर्थ और भावसहित अन्तःकरण में धारण कर लेना मुख्य कर्तव्य है, जो कि स्वयं पद्यनाभ भगवान् श्री विष्णु के मुखारविन्द से निकली हुई है; अन्य शास्त्रों के विस्तार से क्या प्रयोजन है!’ उन्होंने गीता के महत्व की चर्चा करते हुए कहा कि गीता पढ़ना, सुनना और उस पर मनन करने का सौभाग्य सभी को नहीं मिलता। गीता की तुलना किसी धर्मग्रंथ से नहीं हो सकती है। दुनिया मानती है कि सबसे प्राचीन जो ग्रंथ है वह ऋग्वेद है। जिन वचनों का हमारे ऋषियों ने हजारों साल पहले प्रादुर्भाव किया, वही वसुधैव कुटुम्बकम के रुप में आज प्रचलित है। गीता पर केंद्रित वेबिनार कराने पर विवि प्रशासन की प्रशंसा करते हुए विद्यार्थियों की ओर इशारा करते हुए कहा कि यह सौभाग्य की बात है कि प्रो. संजीव कुमार शर्मा जैसे कुलपति, प्रो. पवनेश कुमार जैसे संगठनकर्ता और डॉ. अल्का लल्हाल जैसी सहायक प्राध्यापक और संचालक विश्वविद्यालय को मिले हैं और यह महत्वपूर्ण व्याख्यान आयोजित किया जा रहा है। आगे कहा कि गीता के प्रति मैं आपके अंदर भूख पैदा कर सकता हूं, प्यास पैदा कर सकता हूं, अगर आपके अंदर गीता के प्रति जिज्ञासा जग गई तो मैं इस व्याख्यान को सफल समझूंगा।

 

विश्वविद्यालय के कुलपति व वेबिनार के संरक्षक प्रो. संजीव कुमार शर्मा ने अपने संबोधन में गीता के बारे में बहुत ही विस्तार से एवं सरल शब्दों में बताते हुए कहा कि गीता को उपनिषदों के सार के रुप में देखा जाता है। ऐसा कहा जाता है कि जो महाभारत में नहीं है, वह भारत में नही है। मैं इसे प्रश्नोत्तर के रुप में देखता हूं। गीता को लेकर जनमानस में व्याप्त आस्था पर कहा कि जब कोई घटना हो जाती है तो गीता के इस श्लोक को ही याद किया जाता है- नैनं छिन्दन्ति शस्त्राणि नैनं दहति पावकः। न चैनं क्लेदयन्त्यापो न शोषयति मारुतः।। अर्थात इस आत्मा को शस्त्र नहीं काट सकते, इसको आग नहीं जला सकती, इसको जल नहीं गला सकता और वायु नहीं सुखा सकता। प्रो. शर्मा ने ज्ञान योग के अध्याय को पाठ्यक्रमों में शामिल करने की बात कही।

 

इससे पूर्व वाणिज्य एवं प्रबंधन विज्ञान संकाय के अधिष्ठाता व वेबिनार के अध्यक्ष प्रो. पवनेश कुमार ने अपने संबोधन में गीता पर केंद्रित व्याख्यान आयोजित होने पर प्रसन्नता व्यक्त की और सहर्ष अनुमति के लिए विवि के कुलपति प्रो. शर्मा के प्रति आभार जताया। मुख्य वक्ता के बारे में कहा कि श्री प्रभु नारायण जी उ.प्र. सरकार से चीफ इंजीनियर पद से सेवानिवृत्त हैं और वर्तमान में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अवध प्रांत के संचालक के साथ-साथ महामना मालवीय मिशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष के दायित्व का निर्वहन कर रहे हैं। इनका गीता पर गहरा अध्ययन है और इन्होंने अनेक स्थानों पर गीता पर व्याख्यान दिया है। प्रो. पवनेश ने व्याख्यान में उपस्थित महामना मालवीय मिशन के राष्ट्रीय महासचिव हरिशंकर सिंह, चंडीगढ़ इकाई के महासचिव समेत सभी, शिक्षकों, अधिकारियों, विद्यार्थियों एवं अन्य सहभागियों का स्वागत किया एवं आभार भी जताया।

 

व्याख्यान का संचालन प्रबंधन विज्ञान विभाग की सहायक प्रोफेसर डॉ. अल्का लल्हाल ने किया जबकि प्रबंधन विज्ञान विभाग के पीएचडी शोधार्थी चंदन वीर ने धन्यवाद ज्ञापन किया। इस अवसर पर केविवि के प्रो. सुधीर कुमार साहू, डॉ. सपना सुगंधा, डॉ. शिरिष मिश्रा, डॉ. स्वाति कुमारी, डॉ. दिनेश व्यास, कमलेश कुमार, डॉ.परमात्मा मिश्रा, डॉ.पाथलोथ ओंकार, डॉ.भवनाथ पाण्डेय, पीआरओ शेफालिका मिश्रा, सिस्टम एनालिस्ट दीपक दीनकर, माखनलाल पत्रकारिता विश्वविद्यालय के डॉ.आदित्य मिश्रा समेत बड़ी संख्या शिक्षक, विद्यार्थी, शोधार्थी व देश के विभिन्न विवि के विद्वान ऑनलाइन उपस्थित रहे।